2501 दीपों से जगमगाता डौंडियाखेड़ा।

उन्नाव। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को डौंडियाखेड़ा की ऐतिहासिक धरती पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया गया। बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति, उन्नाव की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह की स्मृति में 2501 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से डौंडियाखेड़ा का ऐतिहासिक परिसर जगमगा उठा। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर दीपोत्सव मनाया तथा अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्ना सिंह अवधूत, महामंत्री हरिओम सिंह, सतीश कुमार बाजपेयी, राघवेंद्र सिंह (राघव), रंजना सिंह, नीरा सोनी सहित लगभग 50 लोग मौजूद रहे। सभी ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर देव दीपावली के इस आयोजन को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।

रामेश्वर महादेव मंदिर में पूजन के बाद शहीद की प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि

कार्यक्रम का शुभारंभ डौंडियाखेड़ा स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया गया। साथ ही बाबा त्रिलोक चंद्र की पूजा-अर्चना कर सभी ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद डौंडियाखेड़ा बस यात्री निवास परिसर में सामूहिक रूप से 2501 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की जगमगाहट के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया। उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान एवं प्रसाद का वितरण भी किया गया।

आतिशबाजी और पटाखों के बीच बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उपस्थित लोगों ने हर-हर महादेव, भारत माता की जय, राव साहब अमर रहें और बैसवारा जिंदाबाद के जयघोष के साथ शहीद की स्मृतियों को नमन किया।

रामेश्वर महादेव मंदिर में बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्यों द्वारा पूजन-अर्चन।

मुन्ना सिंह अवधूत ने दिया प्रेम और एकता का संदेश

समिति के अध्यक्ष मुन्ना सिंह अवधूत ने अपने संबोधन में कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली मनाने की परंपरा समिति द्वारा विगत कई वर्षों से निभाई जा रही है। इस वर्ष भी डौंडियाखेड़ा में 2501 दीप प्रज्वलित कर अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ, अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह और बाबा त्रिलोक चंद्र का आशीर्वाद प्राप्त कर सभी ने यह संकल्प लिया है कि ज्योति से ज्योति जलाते चलेंगे और प्रेम की गंगा बहाते रहेंगे।

उन्होंने सामाजिक सौहार्द पर जोर देते हुए कहा कि न किसी से बैर है और न किसी से द्वेष। हम सभी को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज हम राजा राव राम बक्श सिंह की प्रेरणा से यह आयोजन कर रहे हैं। आने वाली पीढ़ी भी हमारे इन प्रयासों से प्रेरणा ले और अपनी ऐतिहासिक विरासत को पहचाने, यही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले लोगों का हृदय से अभिनंदन एवं नमन किया।

राजा राव राम बक्श सिंह की प्रतिमा के समक्ष सामूहिक रूप से दीप जलाते समिति के सदस्य।

हरिओम सिंह बोले- दीपों के माध्यम से शहीद को दी जा रही विनम्र श्रद्धांजलि

समिति के महामंत्री हरिओम सिंह ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति की ओर से देव दीपावली के अवसर पर डौंडियाखेड़ा में 2501 दीप प्रज्वलित कर अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि गंगा मैया के पावन तट पर भगवान भोलेनाथ के मंदिर में सभी ने मिलकर प्रसाद अर्पित किया और प्रसाद वितरण किया। देव दीपावली मनाने से जो अलौकिक आनंद प्राप्त हो रहा है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।

उन्होंने कहा कि जीवन में इंसान चला जाता है, लेकिन उसकी यादें और उसके अच्छे कार्य हमेशा लोगों के बीच जीवित रहते हैं। आज हम सभी यहां एकत्र होकर राव साहब को याद कर रहे हैं और उनके चरणों में बारंबार नमन करते हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों को आने वाले नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सभी का आने वाला वर्ष सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे।

डौंडियाखेड़ा के ऐतिहासिक परिसर में देव दीपावली के अवसर पर जगमगाते दीप।

सतीश कुमार बाजपेयी ने दी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं

कार्यक्रम में सतीश कुमार बाजपेयी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पावन अवसर है। इसी उपलक्ष्य में सभी लोग अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह की जन्मस्थली डौंडियाखेड़ा पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि रामेश्वर महादेव मंदिर में बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति और स्थानीय जनता के साथ मिलकर देव दीपावली मनाने का आनंद ही अलग है। सभी लोगों ने बड़े ही उत्साह और अच्छे ढंग से इस पर्व को मनाया। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जय श्रीराम का उद्घोष किया।

डौंडियाखेड़ा में दीपों से सजा ऐतिहासिक स्मारक परिसर।

ऐतिहासिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प

डौंडियाखेड़ा में आयोजित यह दीपोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक स्मृतियों को जीवंत रखने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा। 2501 दीपों के माध्यम से अमर शहीद राजा राव राम बक्श सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उपस्थित लोगों ने यह संदेश दिया कि देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

स्थानीय बच्चे और महिलाएं मिलकर देव दीपावली पर दीप प्रज्वलित करते हुए।

बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के इस आयोजन ने आपसी प्रेम, सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और अपनी ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान का संदेश दिया। दीपों की रोशनी के साथ सभी ने एक स्वर में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

जय हिंद! जय भारत! जय बैसवारा!

By Baiswari News Desk

Baiswari News Desk is a digital newsroom covering India, business, entertainment, and world affairs with accuracy and responsibility.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *