बीघापुर (उन्नाव)।
जनपद उन्नाव के बीघापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम डौंडिया खेड़ा स्थित प्राचीन रामेश्वर मंदिर परिसर में 15 जनवरी 2026, मकर संक्रांति के पावन अवसर पर एक भव्य सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित हजारों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के पदाधिकारियों द्वारा रामेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ बाबा त्रिलोक चंद्र की प्रतिमा को प्रणाम कर पुष्प अर्पित किए गए।

तत्पश्चात अमर शहीद राजा राव राम बक्स सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

मंच पर पहुँचकर सर्वप्रथम माँ सरस्वती को प्रणाम कर दीपदान किया गया।

कार्यक्रम में राणा बेनी माधव समिति के पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया तथा चिरंजीव पुष्पेंद्र सिंह को विशेष रूप से बधाई दी गई, जिनके माध्यम से हजारों जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण सुनिश्चित किया गया।

बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्ना सिंह अवधूत ने अपने ओजस्वी और प्रेरणादायक संबोधन से सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने समिति के संस्थापक एवं महामंत्री श्री हरि ओम सिंह को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके द्वारा पुष्पेंद्र सिंह जैसे युवा को आगे बढ़ाना समाज के लिए अत्यंत सराहनीय और संवेदनशील कार्य है। उनके विचारों से प्रेरित होकर उपस्थित युवाओं ने हरि ओम सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उन्हें मंच पर संबोधन के लिए आमंत्रित किया।

महामंत्री श्री हरि ओम सिंह ने अपने संबोधन में पुष्पेंद्र सिंह को यह स्मरण कराया कि समाजसेवा का मार्ग सरल नहीं होता, इसमें अनेक बाधाएं आती हैं, परंतु धैर्य और निरंतर परिश्रम से ही लक्ष्य प्राप्त होता है।

उन्होंने रामायण से सीख लेने और निसहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए आगे बढ़कर कार्य करने का संदेश दिया।

इसके पश्चात पुष्पेंद्र सिंह ने मंच से उपस्थित जनसमूह को प्रणाम करते हुए कहा कि वे मार्गदर्शन में “हनुमान” की भांति सेवा करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने बैसवारा क्षेत्रीय कल्याण समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गरीबों की सेवा का जो अवसर उन्हें मिला है, वह उनके जीवन का एक अविस्मरणीय और सुखद क्षण है। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे बिना भय और संकोच के निरंतर समाजसेवा करते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत गरीब, वृद्ध, दिव्यांग, महिलाएं एवं आर्थिक रूप से कमजोर पुरुषों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। 


अंत में कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं सफल समापन हुआ।

By Baiswari News Desk

Baiswari News Desk is a digital newsroom covering India, business, entertainment, and world affairs with accuracy and responsibility.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *